छत्तीसगढ़/रायगढ़ : जूटमिल चौकी में 3 दिन पहले लूट की झूठी रिपोर्ट
लिखवाने आए एचडीएफसी का एजेंट एक अन्य फर्जी कंपनी का एरिया मैनेजर भी है।
बरमकेला के सकरतुंगा की दो दर्जन महिलाओं ने फाइनेंस कंपनी के ब्रांच व
एरिया मैनेजर समेत 6 लोगों के खिलाफ शिकायत की।
ठगी की शिकार महिलाओं की शिकायत पर पुलिस 420 का अपराध दर्ज किया है।
फाइनेंस कंपनी के एरिया मैनेजर से बरमकेला पुलिस पूछताछ कर अन्य आरोपियों
की खोज में जुट गई है।
सोमवार को दिनदहाड़े छातामुड़ा पेट्रोल पंप पर लूट की झूठी कहानी बताने
वाले एचडीएफसी एजेंट घनश्याम सागरिया ((25 वर्ष))की मुश्किलें कम होने का
नाम नहीं ले रहीं हैं। मनगढ़ंत कहानियों से पूरे दिन पुलिस को परेशान करने
वाले संदिग्ध एजेंट मामले में एक नया मोड़ आ गया है।
बुधवार को सकरतुंगा की डेढ़ दर्जन महिलाएं बरमकेला थाना पहुंच जीएचएल
हाउसिंग व फाइनेंस कंपनी द्वारा खुद को ठगे जाने की शिकायत की। इसमें
घनश्याम एरिया मैनेजर था, जबकि ब्रांच मैनेजर का काम झाल निवासी वासुदेव
प्रधान देख रहा था। तत्काल लोन देने के नाम पर बीएम वासुदेव ने सकरतुंगा के
कमलेश, सरिया रानीडीह के सुखलाल चौहान, भरत चौहान व बजरंग चौहान को कंपनी
का एजेंट नियुक्त किया था।
6 लोगों की टीम बना बीएम वासुदेव व एरिया मैनेजर घनश्याम ने फर्जीवाड़ा
शुरू किया, जो बरमकेला से अचानक अपना आफिस बंद कर रातों-रात गायब हो गए। इस
बीच घनश्याम ने जूटमिल चौकी में बकाया रुपए के लेन-देन को लूट बता
सुर्खियों में आया और पीडि़त महिलाओं को फर्जी फाइनेंस कंपनी के एरिया
मैनेजर का सुराग मिल गया। पीडि़त महिलाओं की शिकायत पर पुलिस ने फाइनेंस
कंपनी के बीएम, एरिया मैनेजर व 4 एजेंटों के खिलाफ 419 व 420 का अपराध दर्ज
कर पतासाजी में जुट गई है। पुलिस एरिया मैनेजर घनश्याम को पहले ही गिरफ्त
में लेकर पूछताछ कर रही है।
No comments:
Post a Comment